आजमगढ़।अतरौलिया थाना क्षेत्र के कनैला पुल के पास शनिवार की देर शाम हुई मुठभेड़ में एसटीएफ गोरखपुर और अतरौलिया की पुलिस ने एक पांच हजार के इनामी समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से एक पिस्टल, एक तमंचा और छह कारतूस बरामद किया। पूछताछ में बदमाशों ने पुलिस को बताया कि वे जेल में निरुद्ध एक बदमाश के इशारे पर अहरौला बाजार निवासी एक मिठाई विक्रेता की हत्या करने की योजना बना रहे थे। इन्हें असलहे जेल में निरुद्ध कुख्यात अपराधी रामजीत यादव ने उपलब्ध कराया था। इनके विरुद्ध आजमगढ़ सहित आसपास के जिलों में लूट और हत्या के कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
एसपी अजय कुमार साहनी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में राहुल यादव अहरौला थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव, नीरज यादव अतरौलिया थाना क्षेत्र के झीसूपुर और अंकुर यादव अंबेडकरनगर जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के अज्जमलपुर गांव का निवासी है। नीरज यादव पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित है। एसपी ने बताया कि इन अपराधियों का एक साथी विजय सिंह विक्की आजमगढ़ जेल में बंद है। इसी जेल में इनके गिरोह का सरगना रामजीत यादव भी है। विजय सिंह की दुश्मनी अहरौला बाजार निवासी मिठाई विक्रेता नाटे हलुवाई से है। इसलिए विजय सिंह अपने दुश्मन नाटे की हत्या करवाने की साजिश बनाई। हत्या के लिए असलहा रामजीत ने उपलब्ध कराया। वारदात को अंजाम देने के लिए ये तीनों अतरौलिया थाना क्षेत्र के कनैला पुल के पास खड़े होकर साजिश रच रहे थे। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अतरौलिया उमेश कुमार पांडेय और एसटीएफ गोरखपुर की टीम वहां पहुंची। पुलिस को देख बदमाश फायर कर भागने लगे। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस इन्हें गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से एक पिस्टल, एक तमंचा और छह कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में बताया कि 2015 में इन्होंने कप्तानगंज थाना क्षेत्र में ठेकेदार शैलेंद्र सिंह की हत्या, अतरौलिया थाना क्षेत्र के श्यामबिहारी चौबे की हत्या, वर्ष 2016 में अतरौलिया के अशोक सेठ से 30 लाख रुपये की लूट, 2017 में सिधारी थाना क्षेत्र के राहुल प्रेक्षागृह के सामने दवा विक्रेता के घर में घुसकर महिला से आभूषण और जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अंजान शहीद बाजार से लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार से 1.50 लाख रुपये की लूट की थे। एसपी ने बताया कि इस कामयाबी के लिए एडीजी वाराणसी विश्वजीत महापात्रा ने पुलिस टीम को 15 हजार रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।