आजमगढ़। बकाया वसूली को लेकर बिजली विभाग की टीम एक बार फिर सक्रिय हो गई है। शनिवार को एसडीओ प्रथम अजय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने पीडब्लूडी गेस्ट हाऊस, पीडब्लूडी कार्यालय, कृषि महाविद्यालय कोटवा व सिंचाई विभाग कार्यालय व आवास की बिजली काट दी। इसमें पीडब्लूडी गेस्ट हाउस व कार्यालय पर 85.75 लाख, कृषि महाविद्यालय कोटवा पर 40 लाख, सिंचाई विभाग कार्यालय व आवास पर 72 लाख रुपये बकाया है। एसडीओ ने बताया कि शहर क्षेत्र में 10 हजार से अधिक के बकायेदारों की खैर नहीं है। सभी बकायेदारों की बिजली काटी जाएगी और तब तक नहीं जोड़ी जाएगी जब तक कि संपूर्ण बकाया जमा नहीं कर दिया जाता। उन्होंने कहा कि कनेक्शन के बाद भी बिना मीटर के बिजली का उपभोग करने पर भी उसे चोरी माना जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।