आजमगढ़। जेल में बंद कैदियों के बीच तीन दिवसीय खेल, गायन और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन नौ से 11 फरवरी तक किया गया। कैदियों के बीच वॉलीबाल, बैंडमिंटन, शतरंज, कैरम, कबड्डी समेत गायन व चित्रकला प्रतियोगिता हुई जिसमें बंदियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। वॉलीबाल प्रतियोगिता में पवन कुमार पांडेय की टीम विजेता रही। इसी तरह बैंडमिंटन में आनंद सिंह की टीम, कबड्डी में गोविंद यादव और कैरम में अब्दुल्ला की टीम विजेता रही। शतरंज और कविता लेखन में पवन कुमार अव्वल रहे। वहीं गायन प्रतियोगिता में पवन पांडेय प्रथम और बृजभूषण द्वितीय स्थान पर रहे। चित्रकला प्रतियोगिता में महिला बंदी दुलारी देवी प्रथम रहीं। कुमारी सविता दूसरे स्थान पर रहीं। जेलर हरीश कुमार ने बताया कि कैदियों के शारीरिक, मानसिक, नैतिक सुधार औा उनमें खेल की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तीन दिवसीय इस जेल दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उन्हें नियमित अभ्यास करने के लिए भी प्रेरित किया गया। डिप्टी जेलर सुधाकर राव गौतम, भोलानाथ अंबेडकर और दिनेश कुमार मिश्र आदि मौजूद रहे।