सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के खिल्लीपट्टी गांव निवासीनी एक महिला के रिहायशी मड़ई में मंगलवार की शाम अज्ञात कारणों से आग लग गई। अगलगी की इस घटना में महिला के 22 बकरियों की जहां जल कर मौत हो गई। वहीं जानवरों को बचाने के चक्कर में महिला के पुत्र व पुत्री झुलस गए। इसके साथ ही पूरी गृहस्थी ही जल कर स्वाहा हो गई। खिल्लीपट्टी गांव निवासीनी लक्ष्मीना पत्नी स्व. उदयभान बकरी पालन कर परिवार का भरण पोषण करती है। वह घर पर 22 बकरियां व एक भैंस पाल रखी है। दो रिहायशी मड़ईयों में वह अपने पुत्र 25 वर्षीय हरेंद्र राम व पुत्री 15 वर्षीय रेखा के साथ रहती है। मंगलवार की शाम लगभग छह बजे अज्ञात कारणों से लक्ष्मीना के रिहायशी मड़ईयों में आग लग गई। आग लगते ही हरेंद्र व रेखा मड़ई में बंधे बकरियों व भैस को निकालने में जुट गए लेकिन एक भी बकरी को वे बचा नहीं सके और गंभीर रुप से झुलस गए। भैंस किसी तरह पगहा तोड़ कर बाहर निकल आयी थी लेकिन वह भी गंभीर रुप से झुलस गई है। गंभीर रुप से झुलसे भाई-बहन को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल पर भर्ती कराया गया है। फायर ब्रिगेड सूचना के बाद भी नहीं पहुंची थी और ग्रामीण आग पर काबू पाने में जुटे थे। अगलगी की इस घटना में लक्ष्मीना की पूरी गृहस्थी ही राख हो गई है।