आजमगढ़। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर जहां पूरा देश दुखी है। वहीं सरायमीर और पवई थाना क्षेत्र के रहने वाले दो मनबढ़ों ने दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी के ऊपर सोशल साइट पर अभद्र टिप्पणी की है। मामला संज्ञान में आने पर पवई और सरायमीर थाने की पुलिस मनबढ़ों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश में जुट गई है। उधर इस बात की जानकारी होने से भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। पूर्व प्रधानमंत्री के विरुद्ध अभद्र टिप्पणी करने के मामले में सरायमीर थाने में अखिलेश चंद्र पांडेय ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इन्होंने सरायमीर कस्बा निवासी अब्दुल रहमान खान उर्फ गुड्डू को आरोपित किया है। जबकि पवई थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने वाला रानू प्रताप राणा अहरौला थाना क्षेत्र के गनवारा गांव का निवासी है। उसने पवई थाने के दोस्तपुर गांव निवासी राकेश यादव पुत्र फूलचंद को आरोपित किया है। इन दोनों लोगों का आरोप है कि आरोपियों ने दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी पर सोशल साइट के जरिए अभद्र टिप्पणी किए हैं। सीओ फूलपुर रविशंकर प्रसाद ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश जुटी हुई है।