सगड़ी। रौनापार थाना क्षेत्र के बनकटा बाजार गोसाई निवासी केदार यादव शुक्रवार की दोपहर करीब बारह बजे जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मनिकाडीह बाजार के पास स्थित काशी गोमती संयुक्त ग्रामीण बैंक के अपने खाते में 49500 रुपये जमा कर दिया। साथ ही डायल 100 पर फोन कर सूचना दी कि जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के हरैया गांव निवासी इन्नू उर्फ इंद्रमणि तमंचा सटाकर 50 हजार रुपये लूटकर फरार हो गया। दिन दहाड़े हुई लूट की सूचना से क्षेत्र की पुलिस हलाकान होकर पहले तो बदमाशों की इधर-उधर तलाश करती रही। बाद में पीड़ित द्वारा रुपये छीनने वाले इन्नू उर्फ इंद्रमणि का नाम बताया तो पुलिस उसके घर छापेमारी कर हिरासत में लेकर थाने आई। पुलिस केदार और इन्नू को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ किया तो पता चला कि दोनों के बीच रंजिश चलती है। इसके चलते केदार अपने विरोधी इन्नू को फंसाने के लिए यह साजिश रची है। जबकि केदार ने जिन रुपयों को लूटने की बात कह रहा उसे अपने खाते में जमा कर दिया है। सीओ सगड़ी अजय कुमार यादव ने बताया कि विरोधी को फंसाने के लिए लूट की झूठी कहानी रची गई है। पुलिस साजिशकर्ता केदार यादव को थाने पर बैठाए हुए है। घटना के संबंध में अभी कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है।