अंबारी। फूलवरिया-अंबारी मुख्य मार्ग पर स्थित छोटी-बड़ी बाजारों में शुक्रवार की रात स्कार्पियो से आए बदमाशों ने कई दुकानों का ताला तोड़कर कीमती सामान चुरा लिया। कुछ लोगों ने घटना की जानकारी होने पर बदमाशों को दौड़ा लिया, लेकिन वो भाग गए। क्षेत्र के लोग रात भर बदमाशों को अपने क्षेत्र से खदेड़ते तो वे दूसरी बाजार में जाकर किसी न किसी दुकान का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास करते। यह घटनाक्रम में क्षेत्र में चलता रहा। जबकि पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। शनिवार की सुबह पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही। शुक्रवार की रात करीब दो बजे स्कार्पियों में सवार बदमाश अहरौला थाना क्षेत्र के लौटनगंज बाजार में स्थित रामसेवक मिश्रा के किराने की दुकान, सुरेंद्र प्रसाद शुक्ल की दवा की दुकान, अबू तलहा के मोबाइल की दुकान, जौहर की इलेक्ट्रानिक दुकान का ताला तोड़कर भीतर घुसने के लिए शटर उठाया। देर रात को शटर उठने की आवाज पर लोगों की नींद खुल गई। शोर मचाने पर बदमाश फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल कर लौट गई। पुलिस के जाने के बाद चोर राजाराम नगर बाजार पहुंचे। डा. मुन्नालाल विश्वकर्मा के क्लिनिक का ताला तोड़कर इन्वर्टर, बैट्री, स्टेपलाइजर आदि चुरा लिया। इसके बाद चोर गनवारा बाजार पहुंचे और बच्चूलाल के किराने की दुकान का ताला तोड़े, लेकिन आहट मिलने पर अन्य दुकानदार जाग गए और स्कार्पियो से चोर फरार हो गए। यहां से चोर माहुल चौक के पास स्थित महबूब उर्फ मिस्टर के रेडिमेड कपड़े की दुकान, इरशाद के किराना स्टोर का शटर तोड़ दिया। चोर महबूब की दुकान से 65 सौ रुपये नगद और 15 हजार से अधिक का कपड़ा चुरा लिया। जबकि इरशाद की दुकान से दस हजार रुपये नगद, 15 हजार रुपये का काजू, बदाम, छोटी इलाइची, इंवर्टर, स्टेपलाइजर आदि चुरा लिया। पीड़ितों का कहना है कि यदि पुलिस रात को ही सक्रियता दिखाती तो शायद इतनी दुकानों का ताला नहीं टूटता और चोर पकड़ लिए जाते। शनिवार की सुबह पीड़ित दुकानदारों ने थाने में तहरीर दी। सीओ बूढनपुर रामजन्म ने बताया कि तहरीर मिल चुकी है। रिपोर्ट अभी नहीं दर्ज है। पुलिस मामले की जांच कर रही।