बलरामपुर। अहरौला थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव और तहबरपुर थाने के मधूबन गांव की रहने वाली दो महिलाओं की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया। एक महिला की मौत फांसी और दूसरे की जहर खाने से मौत होना बताया गया। पुलिस दोनों की लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। निजामाबाद थाना क्षेत्र के कोलपुर गांव निवासी हरिश्चंद चौहान की बेटी अमृता (26) की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व अहरौला थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव निवासी कृष्ण चौहान के साथ हुई थी। इस दौरान वह एक बच्चे की मां बनी थी। अमृता का बेटा छह माह का है। अमृता के पिता हरिश्चंद और भाई अमर सिंह चौहान का आरोप है कि दहेज के लिए उसके परिवार के लोग तीन सितंबर की रात जहर खिला दिए थे। हालत गंभीर होने पर अमृता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डाक्टर के रेफर करने पर शहर के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। जहां उपचार के दौरान शुक्रवार की सुबह उसकी मौत हो गई। इसीक्रम में तहबरपुर थाने के मधूबन गांव निवासी प्रमिला (35) पत्नी संजय यादव की गुरुवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाने से मौत हो गई। शुक्रवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर अंबेडकर नगर जिले के राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के तिरसियां गांव निवासी प्रमिला के पिता रामचेत मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई और लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी। प्रमिला एक बेटा और दो बेटियों की मां थी।