आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर (भिटिया) गांव निवासी कुमारी (30) 29 जून को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। उसका अब तक कोई पता नहीं चला। एसपी के आदेश के बाद भी पुलिस ने ना तो रिपोर्ट दर्ज की, ना ही कुमारी को ही बरामद कर सकी। पिता बृजमोहन ने बुधवार को तीसरी बार एसपी से मिलकर गुहार लगाई। बृजमोहन के मुताबिक वह अपनी बेटी कुमारी की शादी सात वर्ष पूर्व गंभीरपुर थाने के मुहम्मदपुर (भिटिया) गांव निवासी रामू पुत्र हरीराम के साथ किया था। कुछ माह पूर्व ही उसके दामाद की मौत हो गई। बृजमोहन के मुताबिक पति की मौत के बाद परिवार के लोगों ने कुमारी को बगैर हक हिस्सा दिए ही घर से भगाने लगे और जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में 28 जून को कुमारी ने गंभीरपुर थाने में तहरीर दी तो पुलिस उसके देवर आदि को बुलाकर डांट फटकार लगाकर छोड़ दी। थाने से घर वापस पहुंचे कुमारी के घर वालों ने उसे पुन: पीटा और कहीं गायब कर दिया। तभी से कोई पता नहीं चल रहा। आशंका है कि कही कुमारी के साथ कोई अनहोनी ना हो गई हो। एसपी रविशंकर छवि ने बताया कि मामले की जांच सीओ सदर को सौंपी गई है।