ठेकमा। बरदह थाना क्षेत्र के परसौली गांव में सोमवार की शाम बकरी चराने गई दस वर्षीय बालिका की संदिग्धाहाल में मौत हो जाने के संबंध में उसकी मां सुमित्रा देवी पत्नी सुरेंद्र सरोज ने अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। सुमित्रा का आरोप है कि उसकी दस वर्षीय बेटी काजल सोमवार की शाम स्कूल से आने के बाद बकरी चराने गई थी। देर शाम हो जाने पर भी काजल घर नहीं लौटी तो लोग उसकी तलाश में जुटे। खोजबीन के दौरान काजल की लाश गांव के अशोक सिंह के खेत के किनारे सफेदे के पेड़ से दुपट्टे के सहारे लटक रही थी। उसके दोनों पैर जमीन को छु रहे थे। ऐसे में सुमित्रा को शक है कि कोई उसके बेटी की हत्या कर शव को लटका दिया है। एसपी सिटी सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दी गई। वहीं, पीएम रिपोर्ट में भी मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। बिसरा सुरक्षित कर उसे फारेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।