फरिहां। निजामाबाद थाना क्षेत्र के वजीरमलपुर गांव में शनिवार की दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से महिला की मौत हो गई। पुलिस महिला के पिता की तहरीर के आधार पर तीन लोगों के विरुद्ध दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दी। तहबरपुर थाने के लखमनपट्टी गांव निवासी चंद्रशेखर यादव की 22 वर्षीय बेटी बबीता की शादी एक दिसंबर 2016 को निजामाबाद थाने के वजीरमलपुर गांव निवासी प्रदीप यादव के साथ हुई थी। बबीता इन दिनों अपनी ससुराल में थी। वह अभी तक मां नहीं बन सकी थी। शनिवार की दोपहर परिवार के सदस्य अपने-अपने काम थे। इस दौरान घर में बबीता अकेले थी। परिजनों के अनुसार शाम को परिवार के लोग जब घर पहुंचे तो अंदर कमरे में बबीता की लाश लटक रही थी। प्रदीप ने बबीता के मौत की सूचना अपने ससुर चंद्रशेखर को दी। मौके पर पहुंचे चंद्रशेखर यादव ने पुलिस को बताया तो जानकारी हुई। चंद्रशेखर ने दहेज के लिए बेटी की हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में अपने दामाद प्रदीप यादव, उसके पिता और बड़े भाई को आरोपित किया। प्रभारी निरीक्षक निजामाबाद चंद्रभाष्कर द्विवेदी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर लाश पीएम को भेज दी गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही।