लालगंज (आजमगढ़)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कपसेठा-बरडीहा मार्ग पर बुधवार को दिन में ट्रैक्टर की चपेट में आकर बाइक सवार महिला की मौत हो गई। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के नोनीपुर गांव निवासीनी 27 वर्षीया पूजा देवी पत्नी सुनील कुमार अपने पति के साथ बाइक से बुधवार की सुबह रिश्तेदारी में जा रही थी। अभी बाइक सवार दंपत्ति कपसेठा-बरडीहा मार्ग पर स्थित गांगे नदी पुल पर पहुंचे थे कि सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक में धक्का मार दिया। इस हादसे में पीछे बैठी पूजा बाइक से गिर पड़ी और ट्रैक्टर से कुचल कर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने शव को निहोरगंज बाजार में रख कर सड़क जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा बुझा कर जाम समाप्त करवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका दो बच्चों की मां बतायी गई है।