सरायमीर । कस्बा के मुख्य मार्ग पर पुलिस बूथ के निकट रेन बसेरे में चार दिन से बिजली समस्याओं को लेकर अनशन पर बैठे नगर विकास समिति के अध्यक्ष आसिफ अंसारी का अनशन गुरुवार को अधिशासी अभियंता चतुर्थ फूलपुर और थानाध्यक्ष सरायमीर ने मांगों को मानते हुए जूस पिलाकर तुड़वाया। नगर विकास समिति के अध्यक्ष आसिफ अंसारी समर्थकों के साथ 11 सूत्रीय समस्याओं को लेकर 14 सितंबर को धरने पर बैठ गए थे। कोई कार्यवाही न होने पर 25 सितंबर से आमरण अनशन पर बैठ गए। चौथे दिन गुरुवार को आसिफ अंसारी के स्वास्थ्य को बिगड़ता देख अधिशासी अभियंता चतुर्थ फूलपुर एसके मिश्रा और थानाध्यक्ष सरायमीर रामनरेश यादव मौके पर पहुंचे। जूस पिलाकर अनशन खत्म कराया। 11 सूत्री मांगों में अधिशासी अभियंता ने चार मांगें जर्जर तार और खंभे सही कराना, 400 केबी का मोबाइल ट्रासंफार्मर देना, खरेवा मोड़ और न्यू मार्केट में 250 केवी के ट्रांसफार्मर को 15 से 30 दिन लगाने का आश्वासन दिया। बाकी मांगों पर विचार करने को कहा।