आजमगढ़। नगर पालिका परिषद आजमगढ़ के कर्मचारी गुरुवार की दोपहर एक आटोरिक्शा चालक को लात, घूसों और चप्पल से मारपीटकर घायल कर दिया। वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह से मामले में बीच बचाव किया। देर शाम तक इस मामले में कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज हो सकी थी। इस घटना की जोरों की चर्चा रही। गांव देहात से शहर में आने वाले आटोरिक्शा चालकों को नगर पालिका परिषद से अनुमति लेनी पड़ती है। आटोरिक्शा चालक निर्धारित धनराशि जमा करके लाइसेंस प्राप्त करते हैं। गुरुवार को नगर पालिका के तमाम कर्मचारी बगैर लाइसेंस लिए ही शहर में प्रवेश करने वाले आटोरिक्शा चालकों की तलाश में थे। दोपहर को एक आटोरिक्शा आते हुए दिखा तो कर्मचारियों ने रुकने का इशारा किया। चालक आगे गाड़ी खड़ी करके आने की बात कहकर जैसे ही थोड़ा आगे बढ़ा कि कर्मचारी उसे दौड़ाकर पकड़ लिए और लात, घूसों और चप्पल से पीटने लगे। इस घटना से हड़कंप मच गया। साथ ही पूरे मामले का वीडियो भी वायरल हो गया। हालांकि देर शाम तक इस मामले में कोई मुकदमा नहीं दर्ज हो सका था। शहर कोतवाल विनय मिश्रा ने बताया कि ना तो घटना की सूचना मिली है, ना ही कोई तहरीर ही दिया है।