आजमगढ़। महराजगंज कस्बा के बिसुनपुर मुहल्ले में स्थित एक कपड़े की दुकान में घुसकर गुरुवार की शाम कैश बाक्स लेकर भाग रहे एक बदमाश को पुलिस ने घेराबंदी कर भैरवदासपुर गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसका साथी फरार हो गया। गिरफ्तार बदमाश के पास से कैश बाक्स बरामद हुआ। जिसमें 47 सौ रुपये थे। तलाशी के दौरान बदमाश के पास से दो सौ ग्राम डायजापाम की नशीली गोलियां भी बरामद हुई। पुलिस गिरफ्तार बदमाश का चालान कर फरार साथी की तलाश में जुटी हुई है। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक गिरफ्तार बदमाश अभिषेक राय उर्फ प्रिंस पुत्र महेंद्र प्रताप है। वह अंबेडकर नगर जिले के राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के रायपुर बक्स गांव का निवासी है। एसपी ग्रामीण के मुताबिक महराजगंज कस्बे के बिसुनपुर मुहल्ले में परमानंद उपाध्याय की कपड़े की दुकान है। गुरुवार की शाम वह अपनी दुकान पर पांच वर्षीय बेटे को रखवाली के लिए बैठाकर बगल वाली दुकान में दाढ़ी बनवाने लगे। इस दौरान उधर से गुजरा अभिषेक अपने मित्र के साथ उसके दुकान में घुसकर लकड़ी का कैशबाक्स लेकर भागने लगे। जिसमें दिन भर की कमाई का 47 सौ रुपये रखा हुआ था। बदमाशों के भागने की सूचना पर एसओ महराजगंज दिनेश पाठक ने पीछा किया और भैरवदासपुर गांव के पास छोटी सरजू नदी के किनारे से अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसका साथी फरार हो गया। अभिषेक के पास से लकड़ी का कैशबाक्स जिसमें 47 सौ रुपये रखा हुआ बरामद हुआ। तलाशी लेने पर डायजापाम की दो सौ ग्राम नशीली गोलियां बरामद हुई। अभिषेक हाल के दिनों में संपन्न हुई टीईटी की परीक्षा पास किया है। अभिषेक के मुताबिक फरार बदमाश उससे लिफ्ट लेकर बाइक पर बैठ गया। मैं उसे नहीं जानता, ना ही उससे मेरा कोई संबंध है। एसपी ग्रामीण ने कहा कि जांच पड़ताल के बाद ही सच का पता चल सकेगा। दुकान से चोरी हुए सामान अभिषेक के पास से ही बरामद हुआ है।