मार्टीनगंज। दीदारगंज थाना क्षेत्र के बरईपुर गांव में गुरुवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से महिला की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर शुक्रवार को उसके पिता मौके पर पहुंचे और दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। पुलिस चार लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर उसकी लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
मृत महिला सायना बानो (21) की शादी दो साल पहले दीदारगंज थाना क्षेत्र के बरईपुर गांव बहाउद्दीन से हुई। उसका मायका जौनपुर जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र के मजडीहां गांव में था। वह इरफान की बेटी थी। सायना बानो को घर पर छोड़ बहाउद्दीन विदेश में नौकरी करता है। गुरुवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी जलने से मौत हो गई। परिवार के लोगों ने इसकी सूचना उसके पिता इरफान को दी। मौके पर पहुंचे इरफान ने सायनाबानो के ससुर कुद्दूश, सास फकरुद्दीननिशा, जेठानी हिमाला और ननद गुड़िया के विरुद्ध दहेज के लिए जलाकर मारने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी।