निजामाबाद/फरिहां। निजामाबाद थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह स्कूल जा रही छात्रा ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आ गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके पर वाहन छोड़ कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रैक्टर-ट्राली को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के दरिया दयालपुर गांव निवासिनी 13 वर्षीया रीमा यादव पुत्री अजय यादव अपने ननिहाल निजामाबाद थाना क्षेत्र के कोटिया जहांगीरपुर गांव में रह कर पढ़ती है। रोज की भांति वह बुधवार की सुबह पैदल ही घर से स्कूल जाने के लिए निकली। अभी वह कुछ ही दूरी पर स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास ही पहुंची थी कि पीछे से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली ने उसे रौंद दिया। इस हादसे में रीमा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके पर ही गाड़ी छोड़ कर फरार हो गया। घटना की जानकारी होते ही गांव के लोग मौके पर जुट गए। इस बीच पुलिस को भी सूचना दे दी गई। फरिहां चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और शव व ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लेकर चौकी पर चले आए। दुर्घटना करने वाला ट्रैक्टर भी गांव के ही किसी व्यक्ति का था, जिसके चलते घंटो चौकी पर पंचायत हुई। पंचायत में कोई निष्कर्ष न निकलने पर पुलिस ने मृत बालिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना पर मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका दो भाईयों व दो बहनों में सबसे बड़ी थी।