घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के तेंदुआ गांव में मंगलवार को सड़क दुर्घटना में तीन युवक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मिर्जापुर जिला के मड़िहान थाना क्षेत्र के सुगापाख निवासी पप्पू (28) रामलाल (32) रमेश (30) बाइक से घोरावल कोतवाली क्षेत्र के घुवास गांव में रिश्तेदारी में एक तिलक सामारोह में गए थे। दोपहर बाद करीब चार बजे बाइक सवार तीनों युवक वापस अपने घर लौट रहे थे। बाइक रामलाल चला रहा था। तेंदुआ गांव में अचानक बाइक के सामने सड़क पर तेंदुआ निवासी पूजा (14) पुत्री गुरदेव आ गई। उसे बचाने में बाइक सवार तीनों युवक अनियंत्रित होकर बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। हादसे में पप्पू, रामलाल, रमेश व पूजा गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने बाइक सवार युवकों के साथ मारपीट भी की। पुलिस ने चारों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है।