आजमगढ़। अपराधियों के गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ईगल क्रिमिनल मानिटरिंग मोबाइल रविवार से जिले में सक्रिय हो गई। पुलिस लाइन परिसर में डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र विजय भूषण और एसपी बबलू कुमार ने हरी झंडी दिखाकर सिपाहियों को रवाना किया। योजना के तहत प्रत्येक थाने के लिए दो-दो सिपाहियों को लगाया गया है। डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र विजय भूषण ने बताया कि इस योजना से जहां अपराधियों के पल-पल की गतिविधियों की जानकारी मिलती रहेगी। वहीं सही समय पर सूचना मिलते ही पुलिस होने वाले अपराधों पर भी रोक लगाने में सफल होगी। क्योंकि व्यस्तता के चलते थाना स्तर पर अपराधियों पर नजर रखने में काफी परेशानी होती थी। एसपी बबलू कुमार ने कहा कि ईगल क्रिमिनल मानिटरिंग के लिए लगाए गए इन सिपाहियों का मुख्य काम काज अपराध पर काम करना होगा। यह लोग अपने-अपने क्षेत्र के सक्रिय टापटेन के अपराधियों के गतिविधियों पर नजर रखेंगे। कौन सा अपराधी किस मामले में कब जेल गया, कब वह जमानत पर छूटा। जेल से बाहर आने के बाद वह क्या कर रहा आदि जानकारी इकट्ठा करते हुए अधिकारियों को अवगत कराएंगे। यह लोग अपने-अपने क्षेत्र की प्रतिदिन की रिपोर्ट सौपेंगे। साथ ही अपराधियों का डोजियर भी तैयार करेंगे। इस योजना के तहत जिले के सभी 25 थानों के लिए दो-दो सिपाहियों को लगाया गया है। एसपी ने बताया कि इस योजना से अपराध पर काफी हद तक नियंत्रण लगेगा। इस अवसर पर एसपीसिटी कमलेश बहादुर, एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद तारिक, सीओसिटी इलामारन, सीओ सदर मो. अकमल खां आदि मौजूद रहे।