कप्तानगंज। कंधरापुर थाना क्षेत्र के शाहपुर बभनपुरा गांव में रविवार की रात मकान की सीढ़ी तोड़ने के विवाद में मनबढ़ों ने वृद्ध पिता और पुत्र पर हमला कर दोनों को घायल कर दिया। जिला अस्पताल में वृद्ध की मौत हो गई जबकि बेटे का इलाज चल रहा है। मामले में वृद्ध की बहू की तहरीर पर तीन के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। शाहपुर बभनपुरा गांव निवासी ज्वाला प्रसाद उपाध्याय (72) ने कंधरापुर बाजार में दुर्गा जी का मंदिर बनवाया था। इसकी देखभाल उनका बेटा दुर्गा प्रसाद (32) करता है। ज्वाला प्रसाद अपनी पत्नी शीलावती और छोटी बेटी के साथ गांव के मकान में रहते थे जबकि बेटा और बहू कंधरापुर बाजार में स्थित मंदिर में रहते हैं। ज्वाला प्रसाद गांव में मकान के मुख्य दरवाजे पर लगे चैनल की सीढ़ी निकाल रहे थे। पड़ोस में रहने वाली श्रीराम उपाध्याय आदि इसका विरोध कर रहे थे। रविवार की रात को मनबढ़ों ने सीढ़ी तोड़ने लगे। ज्वाला प्रसाद और उनके पुत्र दुर्गा प्रसाद ने विरोध किया तो मनबढ़ों ने मारपीट कर दोनों को घायल कर दिया। गंभीर हाल में दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान ज्वाला प्रसाद की मौत हो गई। दुर्गा प्रसाद की पत्नी प्रियंका उपाध्याय की तहरीर पर श्रीराम, घनश्याम और राहुल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक कंधरापुर बृजेश यादव ने बताया कि तहरीर के मुताबिक मारपीट की रिपोर्ट दर्ज थी, जो गैरइरादतन हत्या में तरमीम कर दी गई है।