आजमगढ़। दीदारगंज थाने की पुलिस ने सोमवार की शाम मार्टीनगंज बाजार के पास से एटीएम कार्ड बदलकर खातों से रुपये उड़ाने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान इनके पास से लूट के चार हजार रुपये, विभिन्न बैंक के 14 एटीएम कार्ड, दो बाइक, तीन मोबाइल, तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने बताया कि योजना बनाकर किसी घटना को अंजाम देने जा रहे थे। इससे पूर्व ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने गिरफ्तार तीनों बदमाशों का चालान कर फरार इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक गिरफ्तार होने वालों में धर्मेंद्र राजभर दीदारगंज थाने के कालेपुर गांव, रामअवतार राजभर और संदीप राजभर इसी थाने के चितारा महमूदपुर गांव के निवासी हैं। एसपी ग्रामीण ने बताया कि यह तीनों बदमाश योजनाबद्ध तरीके से किसी घटना को अंजाम देने जा रहे थे। मुखबिर के जरिए सूचना मिलने पर एसओ दीदारगंज राजकुमार सिंह अपनी टीम के साथ मार्टीनगंज बाजार के पास वाहनों की चेकिंग करने लगे। तभी यह तीनों दो बाइकों पर सवार होकर गुजरे। पुलिस इन्हें रोककर तलाशी ली तो इनके पास से तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद हुआ। शक होने पर पुलिस इनकी सघन तलाशी ली तो चार हजार रुपये, विभिन्न बैंकों के 14 एटीएम कार्ड, तीन मोबाइल आदि बरामद हुआ। बदमाशों के पास से मिली दोनों बाइकों का प्रयोग घटना को अंजाम देने में करते हैं। बाइकों का नंबर प्लेट अक्सर बदलते रहते हैं। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने बताया कि यह लोग काफी दिनों से इस प्रकार की घटना को अंजाम दे रहे हैं। अब तक कईयों का कार्ड बदलकर उनके खातों से लाखों रुपये निकाल चुके हैं। एसपी ग्रामीण ने बताया कि पुलिस को पूछताछ के जरिए गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम और पते की जानकारी हुई है। जिनकी तलाश की जा रही है।