आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के भीमवर बाजार में स्थित शराब की दुकान पर अनुज्ञापी के पुत्र को मारपीट कर बदमाशों ने 70 हजार रुपये लूट लिए। रौनापार थाना क्षेत्र के भैंसाड़ गांव निवासी उषा देवी के नाम से भीमवर बाजार में अंग्रेजी शराब की दुकान है। शनिवार को उषा देवी का पुत्र व पंचायत सेक्रेटरी अमित यादव पुत्र ओमप्रकाश यादव दुकान के पास मौजूद थे। इसी दौरान ग्राम प्रधान अविनाश समेत कुछ अन्य लोग शराब लेने के लिए दुकान पर आए। आरोप है कि वे निर्धारित रेट से कम पैसा दे रहे थे। इसी बात को लेकर सेल्समैन से उनकी बहस होने लगी। जानकारी होने पर वह भी दुकान पर पहुंच गया। प्रधान द्वारा सेल्समैन के साथ किए जा रहे गालीगलौज का उसने विरोध किया तो उक्त लोगों ने उस पर हमला बोल दिया। मारपीट कर घायल करने के साथ ही वे दुकान के कैश बॉक्स में रखे दो दिनों के बिक्री के 70 हजार रुपये लूट कर फरार हो गए। घायल अनुज्ञापी पुत्र को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं बिलरियागंज पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मारपीट का मामला है, किसी भी प्रकार के लूट की घटना नहीं हुई है।