सड़क किनारे बतिया रही महिलाओं को ट्रैक्टर ने कुचला, एक की मौत
ट्रैक्टर से कुचलकर महिला की मौत, दूसरी घायल
घायल महिला के जेठ ने दर्ज कराई घटना की रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
सठियांव। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के चकतगे गांव के पास रविवार की शाम सड़क के किनारे बैठकर बातचीत करती एक महिला को अनियंत्रित ट्रैक्टर ने कुचल दिया। हादसे में एक की मौत हो गई जबकि दूसरी घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देख डाक्टर ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। घटना के संबंध में घायल महिला के जेठ ने रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें ट्रैक्टर चालक को आरोपित किया है।
महिला दसमी देवी (55) पत्नी बाबूलाल मऊ जिले के मोहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के टड़ऊवां चौबेपुर गांव की रहने वाली थी। दसमी देवी एक बेटा और तीन बेटियों की मां थी। उसके एक बेटी की शादी मुबारकपुर थाने के चकतगे गांव में हुई थी। वह यहीं पर आई हुई थी। रविवार की शाम को दसमी देवी बेटी के पड़ोसी अंजीरा देवी (30) पत्नी अखिलेश के साथ गांव में सड़क के किनारे बैठकर बातचीत कर रही थी। तभी उधर से गुजरे अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। लोग जब तक इन्हें अस्पताल के लिए ले जाने का प्रबंध करते कि दसमी देवी की मौत हो गई, जबकि अंजीरा का वाराणसी में इलाज चल रहा। घटना के संबंध में अंजीरा के जेठ हृदय ने रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें मुबारकपुर थाने के सठियांव गांव निवासी शशिभूषण राय को आरोपित किया है।
इनसेट
गड्ढे में पलटा ट्रक, चालक और खलासी घायल
सठियांव। आजमगढ़- मऊ मार्ग के चौड़ीकरण व मरम्मत कार्य लोक निर्माण द्वारा कराया जा रहा। सड़क के बीचों बीच डिवाइडर बनाने के लिए लगभग 4 माह से गहरा गढ्ढा खोदकर छोड़ दिया गया है। रविवार की रात में लगभग एक बजे मुबारकपुर थाना क्षेत्र के मोहब्बतपुर के पास गिट्टी लदा ट्रक गढ्ढे में पलट गया। इसमें चालक और खलासी घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से इन्हें बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायल ट्रक चालक सुनील यादव (34) पुत्र सूरज यादव मऊ जिले के हलधरपुर गांव निवासी और खलासी धीरज (23) इलाहाबाद का रहने वाला है। यह दोनों रविवार की रात ट्रक पर गिट्टी लादकर कहीं जा रहे थे। रास्ते में हादसे का शिकार हो गए। मोहब्बतपुर गांव के रहने वाले लोगों का कहना है कि डिवाइडर बनाने के लिए छोड़े गए इस गड्ढे में आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। गड्डे को पाटने के लिए कई बार लोकनिर्माण विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई, पर अभी तक गड्ढा पाटा नहीं जा सका।