अहरौला। थाना क्षेत्र के बहेरा गांव निवासी एक महिला ने अपने बेटे के खिलाफ ही थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी। मां की तहरीर पर पुलिस ने बेटा और उसके दो साथियों को पकड़ कर पूछताछ की। गांव की त्रिमूर्ति पत्नी तेज प्रताप चौहान ने तहरीर में बताया कि मकान बनवाने के लिए गत दिनों उसने 90 हजार रुपये अपनी आलमारी में रखा था। जिसे उसके बेटे महेश ने अपने दो साथियों की मदद से चुरा लिया। महिला ने यह भी बताया कि उसका बेटा नशे का आदी है और अक्सर ही नशे में धुत्त होकर घर से गायब रहता है। मां की तहरीर पर पुलिस बेटा महेश के साथ ही उसके दो साथी राजन और रोशन को पकड़ कर थाने ले आई। उनके पास से पुलिस ने दस हजार रुपये बरामद भी किया। शेष रुपये के बारे में बेटा महेश कुछ भी नहीं बता रहा है। उसका कहना है कि नशे की हालत में शेष पैसे किसने लिया, उसे पता नहीं है।