मुबारकपुर। थाना क्षेत्र के एक गांव स्थित एक निजी विद्यालय में छात्रा से छेड़खानी का आरोप लगाते हुए उसके परिजनों ने शिक्षक की पिटाई कर दी और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इस मामले में दोनों तरफ से तहरीर दी गई है। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के पुरा सोफी मुहल्ला निवासी बृजेश प्रजापति पास के एक गांव के निजी विद्यालय में शिक्षक है। इसी विद्यालय में पढ़ने वाली 12 वर्षीया छात्रा का आरोप है कि शिक्षक अक्सर उसके साथ छेड़खानी और अश्लील हरकत करता है। शुक्रवार को भी शिक्षक ने उसके साथ अश्लील हरकत की तो वह घर लौट आयी और परिजनों को आपबीती बतायी। शनिवार को छात्रा का भाई अपने कुछ साथियों के साथ विद्यालय पर पहुंचा और शिक्षक की जम कर पिटाई करने के बाद यूपी 100 पुलिस को बुुला लिया व शिक्षक को उनके हवाले कर दिया। छात्रा के भाई ने थाने पर शिक्षक के खिलाफ तहरीर भी दी है। वहीं शिक्षक ने सारे आरोप को गलत बताया। कहा कि शुक्रवार को काम न कर के आने पर उसने छात्रा को उसने डांट लगाई थी। उसने भी थाने पर छात्रा के भाइयों के खिलाफ मारने-पीटने की तहरीर दी है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर लेकर मामले के जांच पड़ताल में जुटी हुई है।