आजमगढ़। सोशल साइट पर धर्म के विरुद्ध अभद्र टिप्पणी करने वाले आरोपी पर एनएसए लगाने की मांग करते हुए 28 अप्रैल को सरायमीर थाने में घुसकर तोड़फोड़, लूटपाट, पुलिस बूथ में आग लगाने के मामले में गिरफ्तार राकिब पुत्र मोबिन पर डीएम ने एनएसए लगा दिया। सरायमीर थाना क्षेत्र के सुरही खुर्द गांव निवासी राकिब घटना के बाद ही गिरफ्तार कर लिया गया। तभी से जेल में है। राकिब के विरुद्ध एनएसए लगाने के लिए एसओ सरायमीर मनोज सिंह ने रिपोर्ट तैयार कर एसपी को भेजा। एसपी के यहां से डीएम को भेजी गई थी। उन्होंने 27 जून को अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी। इस मामले से जुड़े अन्य दो आरोपियों सरायमीर थाने के शेरवां गांव निवासी आसिफ पुत्र इफ्तेखार और सादिक पुत्र मो. शाहिद पर 18 जून को ही एनएसए लगा दिया गया है। तीसरे आरोपी राकिब पर भी एनएसए लगाए जाने से अन्य आरोपियों में हड़कंप मचा हुआ है।