बलरामपुर। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गुजरपार गांव और शहर कोतवाली क्षेत्र के आहोपट्टी गांव के पास बीते चौबीस घंटे के भीतर हुए दो सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई। जबकि अधेड़ घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर बनी हुई है। बाइक चलाते समय मृत युवक हेलमेट नहीं पहना था। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अल्लीपुर गांव निवासी मो. रजीक (20) पुत्र तुफैल गुरुवार को किसी काम से शहर आया हुआ था। काम निपटाने के बाद वह शाम को घर लौट रहा था। बाइक चलाते समय वह हेलमेट नहीं पहना था। जैसे ही मुबारकपुर थाने के गुजरपार गांव के पास पहुंचा कि अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर भीड़ जुट गई। लोग जब तक उसे अस्पताल ले जाने का प्रबंध करते कि मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। जेब से मिले कागजात के आधार पर उसकी पहचान कर घर वालों को सूचना देकर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी। इसीक्रम में शहर कोतवाली क्षेत्र के मोजरापुर गांव निवासी चंद्रभान (55) पुत्र महादेव शुक्रवार को अपनी साइकिल से कहीं जा रहा था। जैसे ही शहर कोतवाली क्षेत्र के आहोपट्टी गांव के पास पहुंचा कि अनियंत्रित बाइक की टक्कर से वह घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से चंद्रभान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज चल रहा। डाक्टर ने चंद्रभान की हालत गंभीर बताई है।