आजमगढ़। महराजगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती की अश्लील फोटो खींच कर सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला प्रकाश में आया है। युवती के परिजनों द्वारा इस मामले में थाने में नामजद मुकदमा पंजीकृत कराया गया है। अब आरोपी पीड़िता व उसके परिजनों को जानमाल की धमकी दे रहा है। पुलिस को दी तहरीर में पीड़िता के पिता ने बताया कि गांव के ही रहने वाले निजय पुत्र चोकई ने चोरी-छुपे उसकी बेटी की अश्लील फोटो खींच लिया। कुछ दिनों तक तो वह उसकी बेटी को वह फोटो दिखा कर परेशान करता रहा और फिर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने पर उसे भी जानकारी हुई। बेटी से पूछने पर उसने आरोपी का नाम बताते हुए पूरे घटना क्रम की जानकारी दे दी। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपी निजय पुत्र चोकई के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया और उसकी तलाश में जुटी हुई है।