खेत में मिली महिला की लाश, पुलिस बोली -बहा दो
पानी में बहती मिली महिला की सिर कटी लाश
कार्रवाई की बजाय पुलिस उसे बहाने की दी सलाह
खेत में पड़ी लाश को नोंच रहे कुत्ते और जानवर
अमर उजाला ब्यूरो
लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र के बरामदपुर गांव में बुधवार की शाम खेत में उतराई हुई महिला की सिर कटी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस कार्रवाई करने की बजाय शव को पानी में बहा देने की सलाह देते हुए चुप बैठ गई। परिणाम स्वरुप लाश मौके पर पड़ी हुई है। उसे कुत्ते और जंगली जानवर नोंच रहे हैं।
लगभग 35 वर्षीय इस महिला की लाश रौनापार थाना क्षेत्र के बरामदपुर (टेकनपुर) गांव के उत्तर सिवान में पड़ी थी। महिला हरे रंग की साड़ी पहने हुए है। घाघरा नदी में आए बाढ़ के पानी में बहकर यहां पहुंची है। महिला का सिर गायब है। बुधवार की शाम गांव के अभय सिंह पटेल, भोला सिंह, शाहेब, निर्गुण पटेल आदि बाढ़ का पानी कम होने पर अपना खेत देखने गए तो खेत में महिला की लाश को देखा। शव देख ग्रामीणों ने तत्काल रौनापार थाने पर सूचना दी। लेकिन पुलिस शव को कब्जे में लेने के बजाय उसे पानी में बहा देने की सलाह देते हुए मौन साध गई। पुलिस के न आने पर लाश वहीं मौके पर पड़ी है और उसे कुत्ते और जंगली जानवर नोंच रहे हैं। रौनापार पुलिस की इस लापरवाही से लोगों में आक्रोश है। गांव वालों की मानें तो गुरुवार की शाम तक लाश मौके पर खेत में पड़ी थी। बाढ़ का पानी कम होने की वजह से उसे लोग दूसरे क्षेत्र में बहा नहीं पाए। लोगों में चर्चा रही कि इतना संवेदनहीन पुलिस को नहीं होना चाहिए । अगर इस शव को बाहर निकाला जाता तो पता चलता कि कहां से कैसे आ रही है। निश्चित रूप से इस महिला की हत्या कर नदी में डाला गया है। इस संबंध में एसओ रौनापार राकेश सिंह से संपर्क किया गया तो उन्होंने मीटिंग में हूं कहकर बात को टाल दिया। जबकि सीओ सगड़ी सुधाकर सिंह का कहना है कि मुझे पता नहीं था। मैं एसओ रौनापार को कार्रवाई के लिए कहता हूं।
लापता युवक की पोखरे से बरामद हुई लाश
कप्तानगंज (ब्यूरो)। तहबरपुर थाना क्षेत्र के जीगना करमनपुर गांव में गुरुवार की सुबह लापता युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को पानी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
लापता युवक विजेंद्र यादव (35) पुत्र स्व. लौटू यादव था। दो भाईयों में छोटा विजेंद्र अपनी स्वयं की बोलेरो चलाता था। उसकी शादी नहीं हुई थी। बुधवार की शाम करीब चार बजे विजेंद्र अपने घर से निकला। इसके बाद वापस नहीं लौटा। परिवार के लोग उसे खोज ही रहे थे कि दूसरे दिन गुरुवार की सुबह उसकी लाश घर से थोड़े दूर पर स्थित पोखरे में उतराई मिली। लोगों के मुताबिक विजेंद्र के शरीर पर अंडरवीयर के अलावा कोई वस्त्र नहीं था। उसके शरीर पर चोट के निशान भी थे। सीओ बूढनपुर शिवनाथ गुप्ता ने बताया कि लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया गया है। रिपोर्ट में मौत का जो भी कारण स्पष्ट होगा। उसके तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आशीष तिवारी