आजमगढ़। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित चार सूत्रीय मांग पत्र जिला प्रशासन को सौंपा।
भाकपा राज्य कार्यकारिणी के सदस्य हामिद अली ने कहा कि भारत का संविधान जाति, भाषा, धर्म, लिंग के आधार पर किसी भी वर्ग में भेद नहीं करता है। लेकिन आज भाजपा सरकार जाति, धर्म के आधार पर सबको लड़ाने का काम कर रही है। भाकपा राज्य परिषद के सदस्य जितेंद्र हरि पांडेय ने कहा कि एक हप्ते तक भाकपा ने प्रदेश भर में आरक्षण बचाओ, रोजगार बचाओ के सम्बंध में विचार गोष्ठी व नुक्कड़ सभाएं कर भाजपा सरकार के रवैये का उजागर कर जन जागरण किया। रामाज्ञा यादव ने कहा कि भाजपा को समाज बांटो और राज करों की राजनीति को बंद कर देना चाहिए। महंगाई, बेरोजगार व किसानों को मुद्दों को लेकर भाकपा आगे भी आंदोलन करने का काम करेगी। इस अवसर पर खरपत्तू राजभर, रामचंदर यादव, जीयालाल, मखड़ू राजभर, मो शेख ओबैदुल्ला, राजनरायन आदि मौजूद रहे।