आजमगढ़। कोरोना टीकाकरण अभियान एक बार फिर शुक्रवार से शुरू हो रहा है। इस बार पूर्व में कोविशील्ड के दो डोज ले चुके लोगों को बूस्टर डोज ही लगाया जाएगा। जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल समेत कुल 26 बूथों पर टीकाकरण किया जाएगा। बृहस्पतिवार को सभी चिन्हित केंद्रों पर वैक्सीन पहुंचा दी गई है।
जिले में अभी लगभग 10 लाख लोगों ने बूस्टर डोज नहीं लिया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने शासन से वैक्सीन की डिमांड की थी। बुधवार को जिले में 36800 डोज वैक्सीन जिले में पहुंची। जिसे शुक्रवार से जिले के कुल 26 अस्पतालों पर टीकाकरण सत्र आयोजित कर लगाया जाएगा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजय ने बताया कि वैक्सीन चिन्हित सेंटरों पर पहुंचा दी गई है और सेंटरों पर एएनएम व आशा की ड्यूटी भी लगा दी गई है। सुबह आठ बजे से टीकाकरण की शुरूआत होगी। कुल 78 कर्मियों की ड्यूटी बूस्टर डोज टीकाकरण में लगाया गया है। डॉ. संजय ने बताया कि बूस्टर डोज उन्हीं को लगेगा, जिन्होंने पूर्व में कोविशील्ड के दो डोज लिया है। कोवैक्सीन का दो डोज पूर्व में लेने वालों को अभी बूस्टर डोज के लिए इंतजार करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि टीकाकरण के लिए केंद्र पर लोग अपना आधार और मोबाइल लेकर पहुंचे। जिससे वेरिफिकेशन में आसानी हो। उन्होंने कहा कि शासन से वैक्सीन मिलनी शुरू हो गई। जल्द ही जल्द शतप्रतिशत लोगों को बूस्टर डोज भी लगवा दिया जाएगा।