आजमगढ़। तीन दिन पहले दिल्ली के आजामंडी से कोरोना संक्रमित व्यक्ति परिवार के साथ रानी की सराय पहुंच गया था। इससे उसके गांव में हड़कंप की स्थिति थी। संक्रमित मरीज को मेडिकल कालेज में आइसोलेट करने के साथ ही उसके परिवार के चार सदस्यों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। चारों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं, जिला अस्पताल में भी एक मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस पर उसके परिवार के चार सदस्यों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। सभी की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। रानी की सराय के चूहड़पुर का एक परिवार दिल्ली के आजाद मंडी में रहता है। परिवार के मुखिया ने कुछ दिनों पहले दिल्ली के प्राइवेट लैब में अपने सैंपल की जांच कराई थी। उसे बुखार, सांस फूलना और भोजन न पचने की समस्या थी। सैंपल देने के बाद उक्त व्यक्ति अपने परिवार के चार अन्य सदस्य के साथ स्कॉर्पियो बुक करके घर के लिए निकल गया था। सात मई को सुबह आठ बजे अपने गांव पहुंचा। इसकी जानकारी जैसे ही ग्राम प्रधान को मिली उसने परिवार को गांव के ही प्राथमिक स्कूल में ठहरा दिया था। साथ ही प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई थी। जानकारी के स्वास्थ्य विभाग की टीम संक्रमति व्यक्ति को राजकीय मेडिकल कालेज में आइसोलेट करने के साथ और चार अन्य सदस्यों को आरके फार्मेसी में क्वारंटीन कर जांच के लिए सैंपल भेजा था। परिवार के सभी सदस्यों के खिलाफ रानी की सराय थाने में एफआईआर भी कराई गई थी। रविवार को परिवार के चार अन्य सदस्यों की जांच रिपेर्ट आई गई। सभी निगेटिव पाए गए हैं। इससे गांव के लोगों ने राहत की सांस ली है। डीएम एनपी सिंह ने बताया कि गांव में एक संक्रमित व्यक्ति के आने से लोग चिंतित थे। अब उन्हें राहत मिली है।