सगड़ी/बलरामपुर। जीयनपुर कोतवाली अंतर्गत बिलरियागंज मार्ग पर आटो की चपेट में आकर बाइक सवार आरक्षी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
प्रतापगढ़ जिले के कुंडा कोतवाली अंतर्गत मदरियापुर निवासी योगेश यादव (28) जीयनपुर कोतवाली में बतौर आरक्षी तैनात थे। बुधवार को योगेश मेला ड्यूटी में जीयनपुर चौक पर तैनात थे। दोपहर में लगभग साढ़े बारह बजे योगेश भोजन करने के लिए बाइक से जीयनपुर कोतवाली पर जा रहे थे। इसी दौरान बिलरियागंज मार्ग पर आटो की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गये।
आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल लाया गया। जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने रेफर कर दिया। आरक्षी को जिला मुख्यालय स्थित प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना पर देर शाम उनके परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। योगेश की 2020 में जीयनपुर कोतवाली में तैनाती हुई थी। नवंबर में उनकी शादी भी होनी थी। वह तीन भाई व एक बहन में सबसे बड़े थे।