जिले के रहने वाले युवक की मुम्बई के भिवंडी में चाकू घोंप कर हत्या कर दी गई। वह कांग्रेस पार्टी के नेता का भतीजा था। रोजीरोटी के लिए वह मुम्बई में फार्मासिस्ट की नौकरी कर रहा था। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के भाटिनपारा गांव निवासी फरहान 24 पुकई साल से वह मुम्बई में रह कर किसी कंपनी में काम करता था। कुछ दिनाें पूर्व वह घर पर शादी में शामिल होने आया था और एक सप्ताह पूर्व ही मुम्बई गया था। मुम्बई में वह वफा कांप्लेक्स गैबी नगर भिवंडी में सपरिवार रहता था। परिजनों के अनुसार, मंगलवार की रात 10 बजे वह आफिस से घर पहुंचा। कांप्लेक्स के बाहर दो लोगों के बीच विवाद हो रहा था। वह बीच बचाव करने पहुंच गया। इसी दौरान किसी ने उसे चाकू मार दिया। डॉक्टरों ने अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया। वह कांग्रेस नेता शाहिद शादाब का भतीजा था। शव देर रात गांव पहुंंचने की उम्मीद है। परिजनों के अनुसार बृहस्पतिवार की सुबह शव को गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्दे खाक किया जाएगा।