आजमगढ़। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में बुधवार की देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न योजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक हुई। जिसमें डीएम ने ग्राम्य विकास सेक्टर के अंतर्गत अमृत सरोवर, मनरेगा (मानव दिवस सृजन), मनरेगा मिशन-20, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), एनआरएलएम, ऑपरेशन कायाकल्प, ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन का निर्माण एवं नई गौशालाओं की समीक्षा की। डीएम ने समस्त खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि लक्ष्य के सापेक्ष अभी तक जो अमृत सरोवर के निर्माण हो रहे उसे 15 नवंबर तक पूर्ण करें एवं कार्य गुणवत्तापरक कराएं।डीएम ने मनरेगा (मानव दिवस सृजन) की समीक्षा करते हुए समस्त खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि गाइडलाइन के अनुसार कार्य योजना बनाकर श्रमिकों से कार्य कराएं। वहीं ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर से कराए जाने वाले 12 पैरामीटर्स की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभी भी पैरामीटर्स के अनुसार जो कार्य अपूर्ण है, उसे जल्द से जल्द पूर्ण कराएं। इसी के साथ ही जिलाधिकारी ने पेंशन योजना में वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन एवं दिव्यांग पेंशन में आधार सीडिंग का कार्य तीन से चार दिन में शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के लिए समस्त खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया। इसी के साथ ही समस्त खंड विकास अधिकारी स्वयं सहायता समूह की मानिटरिंग करें एवं उनके अभिलेखों को पूर्ण कराएं। जिलाधिकारी ने समस्त खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों में जो पंचायत भवन बन चुके हैं, उसमें आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड एवं अन्य संबंधित कार्य को शुरू कराएं। उन्होंने कहा कि अभी भी जिन-जिन विकास खंडों में गौशालाओं का निर्माण अपूर्ण है, उसे तत्काल पूर्ण कराएं एवं जो गौशाला बन चुके हैं, उन गौशालाओं में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से समंवय स्थापित करके निराश्रित व छुट्टा पशुओं को संरक्षित कराएं। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिल कुमार मिश्र, परियोजना निदेशक केके सिंह, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धर्मेंद्र पांडेय, एडीपीआरओ श्रीकांत दर्वे सहित समस्त खंड विकास अधिकारी समेत अन्य उपस्थित थे।