जिले में एक से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग अभियान चलेगा। इस दौरान आशा, एएनएम घर-घर जाकर मरीजों की पड़ताल करेंगी। विवरण ई-कवच पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। वहीं इस अभियान के दौरान दस्तक अभियान भी चलाया जाएगा। उक्त जानकारी जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने बुधवार की शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों संग बैठक में बताई। उन्होने तहसील, ब्लाक एवं ग्राम स्तर पर जन जागरूकता अभियान चलाते हुए मलेरिया एवं डेंगू वाले मच्छरों से बचाव हेतु लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया। जिला अस्पताल, सीएचसी/पीएचसी के आस-पास साफ-सफाई की व्यवस्था दुरूस्त करने को कहा। उन्होंने विद्यालयों में बच्चों को हाथ की सफाई, उबाले हुए पेयजल को पीने, शौचालय का प्रयोग करने इत्यादि के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे में अस्पतालों में दवायें, औजार और रिकार्ड रखना जरूरी है। कहा कि जितने भी ऐप हैं, उसे समय से अपडेट किया जाए। हर ब्लाक का महीने में एक बार सीएमओ या उसके समकक्ष अधिकारी निरीक्षण करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिल कुमार मिश्र, सीएमओ डॉ. आईएन तिवारी, एसीएमओ डॉ. संजय कुमार, जिला महिला अस्पताल की सीएमएस सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।