आजमगढ़। लोकसभा उपचुनाव में पार्टी को मिली जीत से पार्टी उत्साहित है। इसी क्रम में शनिवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने नवनिर्वाचित सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ, भाजपा के जिला उपाध्यक्षों, महामंत्रियों सहित कुल 32 लोगों को लखनऊ बुलाकर धन्यवाद दिया, जबकि इस बैठक में जनपद के दोनों जिलाध्यक्षों को नहीं बुलाया गया था। सीएम योगी ने पार्टी के नेताओं के साथ की बैठक में सभी को एकजुट रहने की बात कही। नेताओं ने अधिकारियों के बारे बताया कि उनकी बातें नहीं सुनी जाती हैं जिसके कारण उन्हें विपक्ष की भूमिका भी निभानी पड़ती है। इस पर सीएम ने कहा कि इसे लेकर अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। अगर कोई समस्या आती है तो हमें पत्र भेजें हम देखेंगे। भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजय सिंह ने बताया कि इस दौरान सीएम से बहुप्रतिक्षित मंदुरी एयरपोर्ट से उड़ान शुरू होने के संबंध में जब बात की गई तो उन्होंने कहा कि इसकी प्रक्रिया काफी तेजी से चल रही है शीघ्र मंदुरी एयरपोर्ट से उड़ान शुरू होगी। वहीं जनपद में नई महायोजना लागू न होने के कारण लोगों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। इस संबंध में पूछे जाने पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महायोजना का प्रस्ताव स्वीकृत होने की कगार पर है। जल्द ही इसे स्वीकृत कर दिया जाएगा। भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजय सिंह ने बताया कि सीएम का पूरा जोर संगठन को मजबूत बनाए रखने और जनपद में विकास योजनाओं को गति देने पर रहा।