पुरानी जेल परिसर स्थित मंदिर की सफाई में जुटे भारद कार्यकर्ता। श्रोत-स्वयं
आजमगढ़। भारत रक्षा दल ने पुरानी जेल परिसर में हनुमान और शिव मंदिर परिसर में सफाई अभियान चलाया। होली के दिन शुरू हुआ अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर से काफी मात्रा में कूड़ा हटाकर सफाई की। कार्यकर्ताओं ने बताया कि मीडिया के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली कि पुरानी जेल परिसर में स्थित मंदिर उपेक्षित है और वहां कूड़ा जमा हो गया है। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने मंदिर की सफाई और व्यवस्था सुधारने का निर्णय लिया। अध्यक्ष हरिकेश विक्रम ने बताया कि पुरानी जेल को इटौरा स्थानांतरित किए जाने के बाद संगठन ने मांग की थी कि शहर के केंद्र में स्थित इस सुरक्षित स्थान पर एक बड़ा पार्क बनाया जाए। उन्होंने बताया कि तत्कालीन जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने शासन स्तर पर प्रस्ताव भेजा था। करीब 3 करोड़ 87 लाख रुपये की स्वीकृति की बात भी सामने आई थी। जिलाधिकारी के स्थानांतरण के बाद यह योजना अधर में लटक गई। इसके बाद संगठन ने प्रशासन से अनुरोध किया था कि जब तक पार्क नहीं बनता, तब तक परिसर की साफ-सफाई और देखभाल के लिए इसे संगठन को दे दिया जाए, ताकि इसे अस्थायी पिकनिक स्थल के रूप में विकसित किया जा सके और लोग पुराने जेल परिसर को देख सकें। हरिकेश विक्रम ने कहा प्रशासन ने उस समय यह कहकर अनुमति नहीं दी थी कि परिसर में लगे कीमती दरवाजे और खिड़कियां गायब हो सकती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अब परिसर की स्थिति यह है कि वहां से लोहे-लकड़ी के लगभग सभी दरवाजे और खिड़कियां गायब हो चुकी हैं तथा मंदिर में स्थापित शिवलिंग भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि संगठन अपनी सामर्थ्य के अनुसार मंदिर परिसर की व्यवस्था सुधारने और सफाई अभियान जारी रखेगा, ताकि इस स्थल की स्थिति में सुधार हो सके।