जिले में रविवार को पल्स पोलियो अभियान की विधिवत शुरुआत हुई। शहर के जिला महिला अस्पताल में जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने बच्चों को दवा पिलाकर अभियान का उद्घाटन किया। कहा कि पोलियो की दवा बच्चों को जानलेवा बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करता है। इसलिए एक भी बच्चा छूटने न पाए। उन्होंने सभी अभिभावकों को अपने पांच साल से कम उम्र के बच्चों को दवा पिलाने की अपील की। कहा कि रविवार से 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को 2389 बूथों पर पोलियो की खुराक दी जाएगी। छूटे हुई बच्चों को भी घर-घर जाकर पोलियो की खुराक दी जाएगी। उन्होंने कहा कि घर-घर जाकर बच्चों को 29 मई से दो जून तक पोलियो ड्रॉप पिलाई जाएगी। इस बार लक्ष्य छह लाख 33 हजार 757 का है। वहीं घरों की संख्या छह लाख 87 हजार 720 है। कहा कि 1183 टीमें बनाई गई हैं। कुल पोलियो बूथ की संख्या 2389 है। ट्रांजिट बूथ 40 व मोबाइल टीम 23 बनाई गई है। इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. इंद्र नारायण तिवारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार, महिला चिकित्सा अधीक्षक अनीता अग्रवाल व पूनम तिवारी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।