लाटघाट। शिक्षा क्षेत्र हरैया के प्राथमिक विद्यालय परासिया की बृहस्पतिवार की सुबह 10.30 बजे पड़ताल की गई तो वहां पर जिन बच्चों का नामांकन था उसमें से एक भी बच्चा नहीं मिला। खाना भी बन रहा था। पूछने पर पता चला कि गांव में किसी की मौत हो गई है, इसलिए बच्चे चले गए। खाना खाने के समय पर आ जाएंगे। उनके स्थान पर आंगनबाड़ी केंद्र के तीन बच्चे खेलते मिले।
विद्यालय में कक्षा 1 से 5 तक किसी भी कमरे में एक भी बच्चा नहीं दिखा। रसोइया खाना पका रही थी। वहां उपस्थित अध्यापक से पूछा गया तो बताया कि आज बच्चे नहीं हैं। आए थे लेकिन गांव में किसी की मृत्यु होने से सब चले गए। यही बात रसोइया सुशीला और नीलम ने भी बताई। विद्यालय के रजिस्टर में एक से लेकर पांचवीं तक 52 बच्चे पंजीकृत हैं, लेकिन किसी कक्षा में बच्चे नहीं मिले।
रसोइया सब्जी रोटी बना रही थी, पूछा गया कि बच्चे नहीं हैं तो खाना कौन खाएगा। तो रसोइयां ने कहा कि दोपहर में खाना खाने के लिए बच्चे आ जाएंगे, 8-10 बच्चे आते हैं और वह आ जाएंगे।
प्राथमिक विद्यालय परासिया पर प्रभारी प्रधानाध्यापक शेषनाथ यादव नहीं मिले। बताया गया कि वह कहीं गए थे। सहायक अध्यापक राम सिंह और शिक्षामित्र मनसा देवी उपस्थित रहीं। बीएसए राजीव पाठक ने कहा कि अभी हम मीटिंग में हैं लेकिन अगर ऐसा है तो इसे दिखवाता हूं।