थाना क्षेत्र के कुशहा गांव निवासी 10 वर्षीय बालक बृहस्पतिवार को घर से कुछ दूरी पर स्थित उफनाई कुंवर नदी में नहाते समय डूब गया। सूचना मिलते ही परिजन व ग्रामीण मौके पर जुट गए। पुलिस भी पहुंच गई और बच्चे की नदी में तलाश शुरू कराई। लेकिन शाम तक बालक का पता नहीं चला था। गांव निवासी लकी 10 पुत्र राजू दोपहर 12 बजे घर से घूमने के लिए निकला था। वह कुछ दूरी पर बहने वाली कुंवर नदी के किनारे पहुंच गया। लकी को न जाने क्या सूझा कि वह नहाने के लिए नदी में उतर गया। इसी दौरान वह नदी में डूब गया। काफी देर तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसे खोजने लगे। नदी किनारे कपड़ा आदि पड़ा देख कर परिजनों को बालक के नदी में डूबने की आशंका हुई। इसके बाद परिजन व ग्रामीण नदी में बालक की तलाश में जुट गए। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। देर शाम तक नदी में बच्चे की तलाश जारी थी। लकी ज्यादातर अपने ननिहाल मेंहनगर में ही रहता था।