सगड़ी। तहसील क्षेत्र में बर्ड फ्लू को देखते हुए पशु चिकित्सकों की टीम ने क्षेत्र में भ्रमण कर पोल्ट्री फार्मों का निरीक्षण किया एवं बाजारों में चिकन बेचने वाले दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि वह अपने आसपास साफ सफाई रखें। उन्हें दवा का छिड़काव आदि करने की सलाह देते हुए उन्हें सतर्क रहने की लिए कहा। बाजारों में चिकन की दुकानों पर साफ सफाई का काफी अभाव है और गंदगी का प्रकोप काफी फैला हुआ है। ऐसे में चिकन की दुकानों पर सतर्कता बरतने की काफी जरूरत है। जिसे देखते हुए पशु पशु चिकित्सक डा. एके गुप्ता पशु चिकित्सा अधिकारी हरैया एवं डा. विनोद कुमार पशु चिकित्सा अधिकारी मुहम्मदपुर ने जगह जगह बाजारों में एवं आसपास के क्षेत्रों में पोल्ट्री फार्म पर जाकर निरीक्षण करते हुए वर्ड फ्लू की जानकारी दी। पोल्ट्री फार्म मालिकों को हिदायत दी कि पोल्ट्री फार्म के आस पास तीन से चार फुट की दूरी पर साफ सफाई, सैनिटाइजेशन और दवाओं का छिड़काव लगातार करते रहे। फार्म के अंदर जो भी व्यक्ति प्रवेश करें जब कीटनाशक युक्त फूड बाथ दरवाजे पर रखा हो एवं उससे हाथ पैर धूल कर ही पोल्ट्री फार्म के अंदर प्रवेश करें और बार-बार दवाओं का छिड़काव आसपास करते रहें। उन्होंने दुकानदारों को हिदायत दी कि जगह जगह चूना, सैनिटाइजेशन और दवाओं का छिड़काव करें जिससे बीमारियां फैलने न पाएं। इस दौरान उन्होंने आम लोगों से भी कहा कि लोग घबराएं नहीं यदि अंडा व चिकन का प्रयोग कर रहे हैं तो कम से कम उसे 70 सेंटीग्रेट तापमान पर पकाकर ही सेवन करें। कच्चे मांस का सेवन किसी भी दशा में न करें। कहीं भी अगर आसपास चार छह की संख्या में पक्षी मरे पाए तो तुरंत नजदीकी पशु चिकित्सा अधिकारी को सूचित करें। इस दौरान उन्होंने अंजान शहीद, मनिकाडीह, मालटारी, हरैया, करमंडी, गड़ेरुआ, लाटघाट, जमसर राजदेपुर आदि जगहों का निरीक्षण किया।