आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के नरसिंहपुर चट्टी पर पड़ोसी संग सामान लेने गई महिला से असलहे के बल पर बाइक सवार बदमाशों ने चेन व मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए। घटना की सूचना पर देवगांव कोतवाल व पल्हना चौकी प्रभारी मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल कर वापस लौट गए। लफीहा ताहिरपुर गांव निवासी स्व. नरसिंह सिंह की विवाहित पुत्री कन्नू इन दिनों मायके आयी हुई है। सोमवार की सुबह वह पड़ोस के युवक के साथ बाइक से नरसिंहपुर चट्टी पर सामान लेने व दर्जी को ब्लाऊज सिलने को देने गई थी। इसी दौरान लहुंवा की तरफ से आये बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे तमंचा सटा दिया और गले से सोने की चेन व मंगलसूत्र लूट कर असलहा लहराते हुए फरार हो गए। बदमाशों ने कन्नू की मोबाइल भी छीन लिया था, जिसे कूछ दुरी पर फेक दिया। घटना की जानकारी होते ही लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। किसी ने पुलिस को भी सूचना दे दिया। घटना की जानकारी होते ही कोतवाल व पल्हना चौकी प्रभारी मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल किए।