आजमगढ़। मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने ग्रीष्मावकाश के चौथे दिन कंपोजिट विद्यालय चकगोरया का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम प्रधान को निर्देश दिए कि कायाकल्प योजना के तहत अधूरे कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कराए। ताकि बच्चों को किसी प्रकार की समस्या न आए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि विद्यालय के अंदर शौचालय निर्माण, लड़कियों के लिए अलग से यूरिनल, सेनेटरी डिस्पोजल सिस्टम के साथ अन्य आवश्यक सुविधाओं पर अविलंब कार्य पूर्ण करें। साथ ही समस्त बिंदुओं के फोटोग्राफ्स उन्हें भेजें। इसी के साथ मोहल्ला वासियों की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए नाला सफाई, कूड़ा डंपिंग बनाने एवं उनके शहरी/ग्रामीण मतदाता के रूप में चिन्हित किए जाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के किए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष एवं शिक्षक विधायक के जनपदीय प्रतिनिधि बृजेश राय, राजन शुक्ला, खंड शिक्षाधिकारी पल्हनी दिनेश वर्मा, खंड विकास अधिकारी नीलिमा गुप्ता, राजस्व ग्राम सभा के सचिव सरोज, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रिंकू मौर्य सहित आदि लोग उपस्थित थे।