फूलपुर कोतवाली के सरैया कला गांव निवासी त्रिलोकी के शव का अंतिम संस्कार परिजन मंगलवार को करेंगे। मुकदमा दर्ज न होने के चलते रविवार को शव आने के बाद अंतिम संस्कार नहीं हुआ। सोमवार को कोतवाल पीड़ित परिवार से मिले और प्रार्थना पत्र लेकर एजेंट के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। उधर, पूर्व सांसद डॉ. बलिराम भी पीड़ित परिवार से मिले और शोक जताया।
त्रिलोकी ढाई साल पूर्व एजेंट के माध्यम से रोजीरोटी के लिए दुबई गया था। जहां संदिग्धावस्था में करंट से उसकी मौत हो गई। परिजन त्रिलोकी को दुबई भेजने वाले एजेंट पर गंभीर आरोप लगा रहे थे। तीन सप्ताह बाद रविवार को उसका शव अंबारी पहुंचा तो परिजनों ने चक्काजाम कर दिया। परिजन मुआवजा, एक नौकरी, घटना की सीबीआई जांच व मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग कर रहे थे। एसडीएम के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ था और परिजन शव लेकर घर चले गए थे लेकिन अंतिम संस्कार नहीं किया।
सोमवार को नवागत कोतवाल गजानंद चौबे पदभार ग्रहण करने के बाद सरैया कला गांव पहुंचे और परिजनों से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद परिजनों ने मंगलवार को त्रिलोकी का अंतिम संस्कार करने का निर्णय लिया। वहीं सोमवार को पूर्व सांसद डॉ. बलिराम भी पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिल कर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिवार को हर संभव मदद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।