नगर पंचायत निजामाबाद सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए जल्द काम शुरू होने वाला हैं। लाइन सुदृढ़ीकरण योजना के तहत टाउन सहित सात ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ेगी। 84 नए पोल और एबीसी केबल लगाया जाएगा। जिससे कि विद्युत आपूर्ति बेहतर हो सके।
निजामाबाद में जर्जर तार, पोल और ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने के काम को मंजूरी मिल चुकी है। नई सड़क निजामाबाद पर लगा 250 केवीए ऐ ट्रांसफार्मर की क्षमता को बढ़ाकर 400 केवीए किया जाएगा। वहीं, कस्बा के फराहाबाद में अलग से 250 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। तहसील के बाहर 63 केवीए के ट्रांसफार्मर की क्षमता को बढाकर 100 केवीए किया जाएगा।
टाउन एरिया ऑफिस के पास लगे 63 केवीए के स्थान पर 100 केवीए की क्षमता वाला ट्रांसफार्मर लगेगा। इसी प्रकार सालेपुर हुलाई में भी 63 की जगह 100 केवीए की क्षमता वाल ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। नसीरपुर में 25 केवीए के ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाकर 63 किया जाएगा। वहीं, फरहाबाद में नया फिडर भी बनेगा। काम कराए जाने की शासन से मंजूरी मिल चुकी है।
अवर अभियंता हेमंत कुमार ने बताया कि क्षेत्र में सात ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने और एक नया फीडर बनाने की मंजूरी मिल चुकी है। यह कार्य होने से विद्युत आपूर्ति बेहतर होगी। जल्द ही काम शुरू होगा।