मेजवां। सिग्नल में आई खराबी के चलते आजमगढ़ से बनकर दिल्ली तक जाने वाली कैफियात अप (12225) फूलपुर के खुरासन रोड रेलवे स्टेशन के आउटर सिग्नल पर चालक ने ट्रेन को रोक दिया। करीब 45 मिनट की जद्दोजहद के बाद सिग्नल दुरुस्त न होने पर ट्रेन को पाइलट मेमो के जरिए रेलवे स्टेशन तक ले जाया गया। तब कहीं रेलयात्रियों ने राहत की सांस ली। ट्रेन लेट होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कैफियात एक्सप्रेस (12225 ) सोमवार को आजमगढ़ से निर्धारित समय पर 4.25 बजे दिल्ली जाने के लिए रवाना हुई। कैफियात खुरासन रोड पहुंचने वाली थी कि आउटर पर अचानक सिग्नल फेल हो गया। इसके चलते ट्रेन को आउटर पर ही रोक दी गई। सिग्नल फेल होने की जानकारी कंट्रोल समेत रेलवे स्टेशन पर दी गई। कुछ ही देर में सिग्नल में आई खराबी को दुरुस्त करने का प्रयास शुरू किया गया लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके चलते यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कंट्रोल को सूचना देने के बाद स्टेशन मास्टर ने कैफियात ट्रेन को पायलट मेमो के जरिए मैनुअली खुरासन रोड रेलवे स्टेशन तक ले जाया जा सका। इसके चलते ट्रेन करीब 45 मिनट देरी से रेलवे स्टेशन पर पहुंच सकी। ट्रेन के रेलवे स्टेशन पर पहुंचने से रेल यात्रियों को राहत मिल गई, लेकिन बोगी में बैठे यात्रियों को गर्मी के चलते काफी दिक्कतें हुई। स्टेशन मास्टर नारद ने बताया कि सिग्नल फेलेयोर के चलते कैफियात बिलंब से आई।