नगरीय निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद सड़क की पटरियों पर हुए अतिक्रमण के खिलाफ नपा का बुलडोजर सड़क पर उतर गया। बुधवार को एसडीएम-ईओ के नेतृत्व में रोडवेज क्षेत्र में अतिक्रमण हटवाया गया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में अफरातफरी रही। उधर, निजामाबाद में भी अभियान चलाया गया। एसडीएम सदर ज्ञान चंद्र गुप्ता व ईओ नपा मनोज कुमार के नेतृत्व में बुधवार को रोडवेज क्षेत्र में पटरियों पर हुए अवैध कब्जे व अतिक्रमण को हटवाने की कवायद की गई। पटरियों पर कब्जा कर ठेला, खोमचा, बाटी-चोखा की दुकान लगाने वालों के अतिक्रमण को नपा प्रशासन ने पूरी तरह से साफ करा दिया। सड़क की पटरी पर हुए अन्य प्रकार के अतिक्रमणों को भी ध्वस्त कराने व हटवाने की कवायद की गई। इस कार्रवाई के दौरान नगर पालिका की पूरी टीम के साथ ही शहर कोतवाली पुलिस भी मौजूद रही। उधर, निजामाबाद कस्बे में एसडीएम के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान नई सड़क बाईपास से लेकर पुल चुंगी तक चलाया गया। सड़क की पटरियों पर हुए हर तरह के अतिक्रमणों को हटवा दिया गया।