आजमगढ़। लोकसभा चुनाव में आजमगढ़ संसदीय सीट से बसपा ने दूसरी बार अपना प्रत्याशी बदला है। पार्टी ने अब सबीहा अंसारी के स्थान पर उनके पति मशहूद अहमद को उम्मीदवार घोषित किया है। इससे चर्चाओं का बाजार गर्म है। बजुजन समाज पार्टी ने आजमगढ़ सीट पर सबीहा अंसारी के स्थान पर उनके पति मशहूद अहमद को अपना प्रत्याशी बनाया है। इस सीट से पार्टी ने सबसे पहले मऊ जनपद के रहने वाले भीम राजभर को प्रत्याशी बनाया था। इसके बाद पार्टी ने भीम राजभर को सलेमपुर सीट से उम्मीदवार घोषित कर और उनके स्थान पर सबीहा अंसारी को मैदान में उतारा। सबीहा अपने नामांकन की तैयारी में जुटी थीं कि अब पार्टी ने फिर से प्रत्याशी बदल दिया। इस बार पार्टी ने सबीहा के स्थान पर उनके पति मशहूद अहमद को उम्मीदवार घोषित किया है। मशहूद अहमद ने स्नातक के बाद एलएलबी की पढ़ाई की है। समाजसेवा के साथ वह ब्राइट एजुकेशनल एंड सोशल आर्गेनाइजेशन का संचालन करते हैं। मशहूद अहमद ने कहा कि हम पति और पत्नी अलग नहीं है। इसलिए टिकट कटना नहीं कह सकते। कुछ टेक्निकल कारणों से पार्टी ने हमें मैदान में उतारा है।