पवई के पुलसराय बाजार के पास कुंवर नदी के उपर बने पुल का छतिग्रस्त रेलिंग।संवाद
- फोटो : AZAMGARH
पवई। अयोध्या-वाराणसी नेशनल हाइवे पर पुलसराय बाजार में कुंवर नदी के पुल के गहरे गड्ढ़े और कई स्थानों पर टूटी रेलिंग कभी भी बड़ा हादसा करा सकते हैं। पुल से हर रोज हजारों वाहन गुजरते हैं। अगर पुल को जल्द ठीक नहीं किया गया ऐसे में बड़े हादसे की आशंका जताई जा रही है। पुल की दीवारें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। इस पर खरपतवार उग आई हैं। इसके साथ ही पुल की रेलिंग भी टूट चुकी है। किनारों पर जानलेवा गड्ढ़े बन चुके हैं। पुल की रेलिंग में कई जगह दरारें भी आ गई हैं। यह पुल वर्षों पुराना है आए दिन पुल पर छोटे-मोटे हादसे होते रहते हैं। लगभग 15 दिन पूर्व एक स्कॉर्पियो पुल की रेलिंग को तोड़ते हुए नदी में नीचे गिर गई। गनीमत रही कि ड्राइवर और उसमें सवार लोगों ने किसी तरह कूद कर अपनी जान बचाई। तब से पुल की रेलिंग टूटी पड़ी है। किसी जिम्मेदार ने इसको बनवाने की सुध नहीं ली। स्थानीय रामप्रवेश, चंद्रदीप, लालजीत ने बताया कि अयोध्या का यह पुल बहुत पुराना है। जोकि वाराणसी से अयोध्या मार्ग को जोड़ता है। लेकिन पुल के बीचो बीच गड्ढे होने की वजह से आए दिन यहां हादसे हो रहे हैं। लेकिन प्रशासन इस बात को अनदेखा किए हुए हैं। और किसी बड़े हादसे का इंतजार करता दिख रहा है।